Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित टांडा मेडिकल कॉलेज में पर्ची काउंटर पर मरीज और अस्पताल स्टाफ के बीच जोरदार हाथापाई हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। अस्पताल के प्रिंसिपल ने जांच के आदेश देकर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज में पर्ची काउंटर पर हंगामा
कांगड़ा जिले के प्रसिद्ध डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) में अचानक अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के पर्ची काउंटर पर एक महिला मरीज और वहां तैनात कर्मचारी के बीच मामूली कहासुनी हो गई। देखते ही देखते यह बहस धक्का-मुक्की और हाथापाई में बदल गई, जिससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब एक मिनट के इस वीडियो में महिला और कर्मचारी के बीच तीखी झड़प दिख रही है। वीडियो में महिला पर्ची काउंटर के अंदर घुसकर कर्मचारी को जोरदार थप्पड़ जड़ देती है। इसके बाद जवाब में युवक भी महिला पर पलटवार करते हुए दो थप्पड़ रसीद कर देता है।
टांडा अस्पताल के प्रिंसिपल ने मामले की जांच के दिए आदेश
इस पूरी घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी गहमागहमी देखने को मिली। मौके पर मौजूद लोग महिला को ‘पागल’ कहते सुने गए, जिसने काउंटर के अंदर जाकर मारपीट शुरू की थी। बाद में वहां मौजूद लोगों ने महिला को खींचकर काउंटर से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल की सिक्योरिटी के हवाले कर दिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि मामले की पूरी जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।