देश का सबसे बड़ा ‘सोना चोर’, जेल से चला रहा नेटवर्क, बेतिया डकैती में भी सामने आया नाम

Share

- Advertisement -

Purnia News: बिहार की पूर्णिया जेल में बंद सुबोध सिंह देश का सबसे बड़ा गोल्ड थीफ माना जाता है। आठ साल से जेल में बंद होने के बाद भी उसका गिरोह देश भर के बड़े ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की लूट कर रहा है। बेतिया के सेनको शोरूम में हुई हालिया डकैती में भी इसी गैंग का हाथ सामने आया है।

बिहार की पूर्णिया जेल में बंद सुबोध सिंह देश का सबसे बड़ा गोल्ड थीफ माना जाता है। आठ साल से जेल में बंद होने के बाद भी उसका गिरोह देश भर के बड़े ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की लूट को अंजाम दे रहा है। बेतिया के सेनको ज्वेलरी शोरूम में हुई हालिया डकैती में भी इसी गैंग का हाथ सामने आया है। सुबोध सिंह का गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से अलग-अलग टीमों में बंटकर चोरी करता है। अब तक यह गैंग लगभग 500 किलो सोना और हीरे के जेवर चुरा चुका है।

आजतक के शो ‘वारदात’ ने 22 नवंबर को अपने 22 साल पूरे किए हैं। इसी खास मौके पर आज वारदात में देश के सबसे बड़े गोल्ड थीफ सुबोध सिंह की कहानी पेश की गई। शो के एंकर शम्स ताहिर खान ने बताया कि अगर इस देश में कहीं भी किसी ज्वेलरी शोरूम में कोई लूट होती है तो पुलिस अपनी जांच की शुरुआत इसी शख्स से करती है।

लॉरेंस बिश्नोई से की गई तुलना

वारदात में सुबोध सिंह की तुलना साबरमती जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से की गई। लॉरेंस बिश्नोई को देश का सबसे बड़ा डॉन या गैंगस्टर कहा जाता है, तो सुबोध सिंह पिछले लगभग आठ सालों से देश का सबसे बड़ा गोल्ड थीफ है। दोनों ही जेल के अंदर से ही अपना साम्राज्य चला रहे हैं।

41 वर्षीय सुबोध सिंह बिहार के नालंदा का रहने वाला बताया जाता है। कहा जाता है कि वह कभी एक मामूली पुलिस मुखबिर था, लेकिन बाद में देश का सबसे शातिर सोना चोर बन गया। उसके नाम पर देश भर के ज्वेलरी शोरूम्स से 400 से 500 किलो सोना और हीरे लूटने का मास्टरमाइंड होने का आरोप है।

बेतिया की डकैती में सुबोध का नाम क्यों?

18 नवंबर को बिहार के बेतिया स्थित सेनको के ज्वेलरी शोरूम में दिनदहाड़े करोड़ों की डकैती पड़ी। आठ लुटेरों ने सायरन की धुन पर पूरे आधे घंटे तक शोरूम को लूटा और निकल गए। शुरुआती खबरों में लूट की रकम 40-50 करोड़ बताई गई थी, लेकिन अब यह 12-15 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने अब तक सात लोगों को हिरासत में लिया है।

बेतिया डकैती की वारदात ने देश के बड़े गोल्ड लूटकांडों की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं। इस कांड की जांच के दौरान जिस नाम की सबसे अधिक चर्चा हो रही है, वह है सुबोध सिंह। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसे सोना लूटने वाले संगठित गिरोह का कथित मास्टरमाइंड बताया जाता रहा है। सूत्रों के अनुसार, बेतिया में वारदात का जो तरीका अपनाया गया, वह पूरी तरह से सुबोध सिंह के संगठित गिरोह की कार्यशैली से मेल खाता है।

स्लीपर सेल मॉडल से चलता है गिरोह

इस डकैती की जांच में जो सबसे बड़ा खुलासा हुआ है, वह है अपराधियों का ‘स्लीपर सेल’ की तरह काम करना। पुलिस सूत्रों की मानें तो डकैती डालने वाले जमीनी गुर्गों को यह भी पता नहीं होता कि उनका असली आका कौन है। कहा जाता है कि सुबोध जेल के भीतर बैठकर छह-सात अलग-अलग टीमों को गाइड करता है। डकैती करने वाले आठों लुटेरे एक-दूसरे का नाम तक नहीं जानते और करोड़ों का माल मिनटों में गायब हो जाता है।

सूत्रों के मुताबिक, अपराधियों ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि लूट में शामिल लोग एक दिन पहले ही बेतिया पहुंच गए थे। उन्होंने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार खड़ी की और पहले शोरूम की रेकी की। इस डकैती की जांच का दायरा अब बिहार से निकलकर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैल गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News