‘मेटा, बीजेपी का बेटा’; बेंगलुरु में कांग्रेस का पोस्टर वॉर, जुकरबर्ग को RSS की वर्दी में दिखाया

Share

- Advertisement -

National News: बेंगलुरु में यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया कंपनी मेटा के खिलाफ ‘मेटा, बीजेपी का बेटा’ नाम से पोस्टर अभियान शुरू किया है। एयरपोर्ट रोड पर लगे होर्डिंग में मेटा संस्थापक मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की वर्दी में दिखाया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि मेटा भाजपा के पक्ष में काम करती है और राजनीतिक भेदभाव करती है।

होर्डिंग में जुकरबर्ग खाकी हाफ पैंट, सफेद शर्ट और काली टोपी पहने दिखाए गए हैं। उनके माथे पर तिलक भी लगाया गया है। साथ में मेटा का लोगो और उसका होलोग्राम भी दिखाया गया है। यह होर्डिंग बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर लगाया गया है।

यूथ कांग्रेस का आरोप है कि मेटा सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वाली सामग्री को रोकने के मामले में भेदभावपूर्ण रवैया अपनाती है। पार्टी का कहना है कि कंपनी एक तरफ हेट स्पीच यानी नफरत भरे भाषणों पर कार्रवाई करने में अलग-अलग मापदंड अपनाती है, वहीं दूसरी तरफ उसके प्लेटफॉर्म पर फर्जी खबरें फैलती रहती हैं। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मेटा राजनीतिक दबाव में काम करती है और सत्तारूढ़ दल के प्रति उसका झुकाव है। इसी मुद्दे को जनता के सामने लाने के लिए यह पोस्टर अभियान शुरू किया गया है।

सिर्फ एक होर्डिंग तक सीमित नहीं अभियान

यह अभियान सिर्फ एक होर्डिंग तक सीमित नहीं है। बेंगलुरु एयरपोर्ट रोड पर चिक्काजाला और दूसरे स्थानों पर भी बड़े फ्लेक्स बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। सदाहल्ली गेट के पास लगाया गया होर्डिंग एयरपोर्ट जाने वाले रास्ते पर है, जहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। इस सड़क का इस्तेमाल कई प्रमुख हस्तियां भी करती हैं।

कांग्रेस ने अपने अभियान के जरिए कंपनी के नेतृत्व और उसकी नीतियों पर भी सवाल उठाए हैं। यूथ कांग्रेस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सभी राजनीतिक दलों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए, लेकिन मेटा ऐसा नहीं कर रही है। पोस्टरों में जुकरबर्ग की तस्वीर और ‘मेटा, बीजेपी का बेटा’ नारे के जरिए कंपनी पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस अभियान को लेकर भाजपा या मेटा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मेटा के स्वामित्व में फेसबुक, व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम जैसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आते हैं।

अखिलेश यादव का फेसबुक पेज भी रहा चर्चा में

इस बीच उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज भी चर्चा में रहा। सोमवार को उनका फेसबुक पेज कुछ समय के लिए ब्लॉक हो गया था। समाजवादी पार्टी ने रात 8 बजकर 32 मिनट पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी थी। पार्टी ने कहा कि तकनीकी समस्या के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है और मेटा उसे जल्द बहाल करने के लिए काम कर रही है। हालांकि कुछ घंटे बाद रात 10 बजकर 38 मिनट पर सपा ने एक और पोस्ट के जरिए बताया कि अखिलेश यादव का फेसबुक पेज फिर से बहाल हो गया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News