Banka News: बांका के रजौन थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की पहचान रंजीत मंडल की पत्नी लक्ष्मी कुमारी (19) के रूप में हुई है। छह महीने पहले ही लक्ष्मी की शादी रंजीत के साथ हुई थी। घटना के बाद पति समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं।
रजौन थाना क्षेत्र की मझगांय डरपा पंचायत अंतर्गत कैथा गांव में मंगलवार की दोपहर गोली लगने से नवविवाहिता की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा और थानाध्यक्ष अभय शंकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
घटना के बाद मृतका का पति रंजीत मंडल, ससुर सीताराम मंडल समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। गांव में चर्चा है कि घर में हथियार साफ करने के दौरान अचानक गोली चल गई, जिसकी चपेट में लक्ष्मी आ गईं। हालांकि, गोली किस परिस्थिति में चली और नवविवाहिता को कैसे लगी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है।
वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास
घटना को लेकर पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल की टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर घटना की वास्तविक वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल नवविवाहिता की मौत को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि गोली कैसे चली।