Surat News: गुजरात के सूरत से शुरू हुई साइबर ठगी की जांच मध्य प्रदेश के इंदौर तक पहुंची, जहां पुलिस ने एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। गिरोह पहले निवेशकों को मुनाफा दिलाकर भरोसा जीतता था, फिर ‘वेल्थ ट्रेड’ नाम का नकली ऐप डाउनलोड करवाकर करोड़ों रुपये ठग लेता था। पुलिस ने पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गुजरात के सूरत से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर क्राइम सेल के मुताबिक, गिरोह शेयर बाजार में निवेश करने के इच्छुक लोगों का डेटा जुटाता था। इसके बाद आरोपी फोन और वॉट्सऐप के जरिए उनसे संपर्क करते थे। शुरुआत में निवेशकों को बाजार के जाने-माने ऐप पर डीमैट अकाउंट खुलवाकर निवेश कराया जाता था। यहां थोड़ा मुनाफा भी दिलाया जाता था, ताकि लोगों को लगे कि वे किसी भरोसेमंद कंपनी के साथ काम कर रहे हैं।
जब निवेशक भरोसा कर लेते थे, तब आरोपी ज्यादा कमीशन और फीस का हवाला देकर उन्हें अपना बनाया हुआ ‘वेल्थ ट्रेड’ नाम का नकली ऐप डाउनलोड करवाते थे। इसके लिए APK फाइल का लिंक भेजा जाता था।
नकली ऐप पर दिखाते थे मुनाफा
नकली ऐप पर अकाउंट खुलवाने के बाद आरोपियों की तरफ से वॉट्सऐप पर अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजी जाती थी। निवेशकों से इन्हीं खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए जाते थे। शुरुआत में ऐप पर मुनाफा दिखाया जाता था, जिससे लोग और पैसा लगाने के लिए तैयार हो जाते थे।
लेकिन जब बड़ी रकम जमा हो जाती, तो अचानक भारी नुकसान होने की बात कहकर पैसे लौटाने बंद कर दिए जाते थे। सूरत के एक व्यक्ति से इसी तरीके से 14.48 लाख रुपये की ठगी हुई। उसकी शिकायत के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की।
इंदौर में चल रहा था फर्जी कॉल सेंटर
डीसीपी बिशाखा जैन के मुताबिक, दो-तीन महीने की तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने इंदौर में छापा मारा। यहां 18 टेलीकॉलर काम करते मिले। इनमें से पांच मुख्य आरोपियों हेमंत सोनारे, धर्मेंद्र उर्फ डीके राय, सुधांशु गीते, प्रवीण उर्फ प्रियांशु राय और यश कुमावत को गिरफ्तार किया गया। सभी की उम्र 25 से 28 साल के बीच है और वे 10वीं या 12वीं तक पढ़े हैं।
3,079 लोगों का डेटा मिला
जांच में सामने आया कि गिरोह ने पिछले एक साल में 12 बैंक खातों के जरिए 8.22 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन किए। कॉल सेंटर से देशभर के 3,079 ग्राहकों का डेटा भी मिला है। पुलिस के मुताबिक, इन बैंक खातों से जुड़े NCRP रिकॉर्ड में उत्तर प्रदेश की तीन और पश्चिम बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र तथा आंध्र प्रदेश की एक-एक शिकायत मिली है। इन सात शिकायतों में करीब एक करोड़ रुपये की ठगी सामने आई है।
पुलिस ने कॉल सेंटर से कुल 24 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पांचों आरोपियों को चार दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि इस नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हैं और देशभर में कितने निवेशकों को इसी नकली ऐप के जरिए निशाना बनाया गया।