Sonipat News: सोनीपत के सेक्टर-10 स्थित रेलवे हाईराइज सोसाइटी में शुक्रवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 7वीं मंजिल से छलांग लगाकर 25 वर्षीय युवती ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। अचानक हुई इस घटना से पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और परिजन स्तब्ध रह गए।
मृतका की पहचान उदिता पाटिल (25) के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ रहती थीं। शुक्रवार दोपहर उदिता ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद किया और बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। परिजन तुरंत उन्हें लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मानसिक अवसाद से पीड़ित थी युवती, दिल्ली में चल रहा था इलाज
परिजनों के अनुसार, 12वीं तक पढ़ी उदिता लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं। उनका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल से चल रहा था। घटना से एक दिन पहले ही उन्होंने परिजनों से अपने मन में आ रहे नकारात्मक विचारों का जिक्र किया था, जिसके बाद परिवार ने उन्हें काफी समझाया भी था।
उदिता तीन बहनों में सबसे छोटी थीं और बीते 17 जुलाई को ही उन्होंने अपना 25वां जन्मदिन मनाया था। सेक्टर-27 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।