Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बंजार और भुंतर थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 502 ग्राम चरस और 2.21 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इन मामलों में हरियाणा निवासी सहित तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बंजार थाना पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान शक के आधार पर हरियाणा के जींद जिले के सफीदों निवासी हरदीप कुमार की तलाशी ली। उसके पास से 502 ग्राम चरस बरामद होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से सप्लाई नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
भुंतर में चिट्टे के साथ दो युवक पकड़े, जांच जारी
भुंतर थाना पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए स्थानीय निवासी नरेश कुमार से 1 ग्राम चिट्टा और 1,000 रुपये की नकदी बरामद की। वहीं एक अन्य मामले में मंडी के रिवालसर निवासी नवीन भारद्वाज के कब्जे से 1.21 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों को नियमानुसार सीआरपीसी नोटिस देकर छोड़ा गया है।
एसपी अभिषेक शेखर ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हरियाणा का तस्कर चरस की खेप कहां से लाया था और स्थानीय स्तर पर चिट्टे की सप्लाई किन संपर्कों के जरिए की जा रही थी।