हिमाचल के सोलन में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने जब्त की 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तस्करों की करीब 2.40 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर दी है। अब पुलिस तस्करों की गिरफ्तारी के साथ-साथ नशे की कमाई से बनाए गए उनके आर्थिक नेटवर्क को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर रही है।

पुलिस अधीक्षक तिरुमला राजू एसडी वार्मा ने बताया कि वित्तीय जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। जप्त संपत्ति में दो गाड़ियां, एक मकान, होटल, जमीन और पोस्ट ऑफिस में जमा पैसे शामिल हैं। धर्मपुर थाने में दर्ज एनडीपीएस मामलों की वित्तीय जांच से पता चला कि यह पूरी जायदाद नशे के व्यापार से ही जुटाई गई थी।

एसपी वार्मा ने बताया कि नशा माफिया पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इससे पहले दाड़लाघाट में 47 लाख और परवाणू में 65 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई थी। इस तरह वर्ष 2026 में अब तक सोलन पुलिस तस्करों की कुल 3.50 करोड़ रुपये की काली कमाई और संपत्ति को सील कर चुकी है।

पुलिस ने इस साल एनडीपीएस एक्ट के तहत 99 मामले दर्ज करके 205 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हिमाचल के 157, पंजाब के 15, हरियाणा के 19, चंडीगढ़ के 7, बिहार के 2, नेपाल के 4 और एक विदेशी नागरिक शामिल है। इस दौरान पुलिस ने करीब 1.3 किलोग्राम चिट्टा भी बरामद किया है।

एसपी तिरुमला राजू एसडी वार्मा ने जनता से नशामुक्ति अभियान में पुलिस का साथ देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं भी नशे की खरीद-बिक्री की खबर मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News