Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में एक दुखद घटना सामने आई है। दो दिन से लापता 40 वर्षीय रजनीश गौतम का शव पंजाब की एक नहर से बरामद हुआ है। रजनीश कुंडलू पंचायत के पूर्व प्रधान भगवती दास के बेटे थे। इस घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है।
पंजाब के मरिंडा के पास नहर में मिला लावारिस शव
जानकारी के मुताबिक रजनीश गौतम दो दिन पहले शाम को अपनी कार लेकर अंबाला के लिए निकले थे। उन्होंने घर पर बताया था कि वह ट्रक के टायर खरीदने जा रहे हैं। थोड़ी देर बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। जब संपर्क नहीं हो पाया, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान 30 जुलाई को पंजाब के घनौली गांव के पास नहर किनारे रजनीश की कार मिली। कार लावारिस हालत में देखकर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पिता भगवती प्रसाद की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का केस दर्ज किया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे गोताखोरों ने मरिंडा के पास शव ढूंढ निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया है। डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। इस दुखद हादसे से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।