Shimla News: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ शिमला पुलिस का बड़ा एक्शन जारी है। पुलिस ने साल 2026 में अब तक 48 अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क ध्वस्त किए हैं। साथ ही 63 से ज्यादा मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार कर पूरे सिंडिकेट और वित्तीय लेनदेन पर शिकंजा कसा है।
पुलिस अब केवल केस दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी सप्लाई चेन को टारगेट कर रही है। मार्च 2026 में न्यू शिमला पुलिस ने एक करोड़ रुपये मूल्य की 562 एलएसडी स्टैम्प बरामद कीं। इस मामले में केरल से सप्लायर सहित आठ लोग और चार संलिप्त पुलिसकर्मी पकड़े गए।
अप्रैल में पुलिस ने 11.5 किलोग्राम अफीम, 12 लाख रुपये कैश और तस्करों की 53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। मई और जून में पंजाब से हेरोइन व मेथामफेटामाइन बरामद कर सप्लायर पकड़े गए। 3 अगस्त को शोघी के पास 1.120 किलोग्राम हेरोइन पकड़ी गई, जिसकी कीमत छह करोड़ रुपये है।
इस साल शिमला पुलिस अब तक चार किलो हेरोइन, 14 किलो अफीम, 15 किलो चरस, पांच किलो पोस्त, एलएसडी और मेथामफेटामाइन जब्त कर चुकी है। इसके साथ ही 10 लाख से अधिक भांग के पौधे नष्ट किए गए। एसएसपी गौरव सिंह ने कहा कि बैकवर्ड लिंकेज से नेटवर्क तोड़ा जा रहा है।