Shimla News: शिमला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। स्पेशल सेल की टीम ने शोघी पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान एक बस यात्री से 12 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया है।
स्पेशल सेल की टीम 24 जुलाई 2026 को शोघी पुलिस चौकी के पास रूटीन गश्त और गाड़ियो की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस में सफर कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग की तलाशी ली गई। जांच में बैग के अंदर माचिस की डिब्बी में छिपाई गई 12 ग्राम हेरोइन मिली।
बालुगंज पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी की पहचान 32 वर्षीय अमित ठाकुर के रूप में की है। वह शिमला जिले के ननखड़ी क्षेत्र का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ बालुगंज पुलिस स्टेशन में 24 जुलाई 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 के तहत एफआईआर संख्या 151/2026 दर्ज कर उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। इस पूरे मामले में आगे की जांच की जा रही है। शिमला पुलिस ने साफ किया है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।