शिमला पुलिस का पंजाब में बड़ा एक्शन: चिट्टा तस्करी के दो मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, एक नेपाल भागने की फिराक में था

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिमला पुलिस के स्पेशल सेल और डिटेक्शन टीम ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पंजाब में दबिश देकर चिट्टे के दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी नेपाल भागने की तैयारी में था। पुलिस ने ननखड़ी के बलबीर सिंह उर्फ फौजी और लुधियाना के गुरप्रीत सिंह को दबोचा है। वर्ष 2026 में पुलिस अब तक 94 मुख्य सप्लायरों को पकड़कर 69 अंतर्राज्यीय नैटवर्क ध्वस्त कर चुकी है।

शिमला पुलिस की स्पेशल सेल और डिटेक्शन टीम ने नशे के अवैध नेटवर्क के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब में दबिश देकर चिट्टा तस्करी से जुड़े दो मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने केवल स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वालों तक जांच सीमित न रखते हुए सप्लाई चेन के स्रोत तक पहुंचकर यह कार्रवाई की। पकड़े गए आरोपियों में से एक शातिर तस्कर पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए नेपाल भागने की योजना बना रहा था, लेकिन समय रहते उसे अमृतसर से दबोच लिया गया।

इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश 27 अक्तूबर को शोघी बैरियर पर हुई नाकाबंदी के दौरान हुआ था। पुलिस ने एक टैक्सी से अमृतसर निवासी रेशम सिंह को 257 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। जांच में सामने आया कि यह खेप ननखड़ी क्षेत्र के तस्कर बलबीर सिंह उर्फ फौजी (52) को पहुंचाई जानी थी। इसके बाद शिमला पुलिस के स्पेशल सेल ने 5 नवम्बर को अमृतसर में जाल बिछाकर बलबीर को उस वक्त धर दबोचा, जब वह देश छोड़कर नेपाल निकलने की तैयारी में था। आरोपी बलबीर के खिलाफ पहले से ही आबकारी और एनडीपीएस अधिनियम के तहत 6 मामले दर्ज हैं।

कोटखाई मामले का मुख्य सप्लायर लुधियाना से धरा गया

दूसरी कार्रवाई कोटखाई थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में अमल में लाई गई। 27 सितम्बर को पुलिस ने गुम्मा में तीन युवकों से 50 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस मामले की बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए पुलिस टीम ने 5 नवम्बर को पंजाब के लुधियाना में दबिश दी और मुख्य सप्लायर गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा (35) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गुरप्रीत पर पंजाब में पहले से ही 2.415 किलोग्राम और 230 ग्राम हेरोइन तस्करी जैसे संगीन एनडीपीएस मामले दर्ज हैं।

वर्ष 2026 में अब तक 94 मुख्य सप्लायर सलाखों के पीछे

शिमला की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि पुलिस नशे की सप्लाई चेन को पूरी तरह समाप्त करने के लिए ठोस रणनीति पर काम कर रही है। उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि वर्ष 2024 में 15 और वर्ष 2025 में 8 मुख्य सप्लायर पकड़े गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक रिकॉर्ड 94 मुख्य सप्लायरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके साथ ही 69 अंतर्राज्यीय नशा नैटवर्क ध्वस्त किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News