Shimla News: हिमाचल प्रदेश में शिमला जिले के रोहड़ू में पुलिस के पीओ सेल को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने पिछले सात सालों से चकमा दे रहे एक भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चिड़गांव निवासी गुलाब सिंह के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एसीजेएम कोर्ट रोहड़ू में चेक बाउंस के चार अलग-अलग मामले दर्ज थे। यह पूरा मामला करीब 8.50 लाख रुपये के वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हुआ है। लगातार अनुपस्थित रहने पर कोर्ट ने उसे भगोड़ा घोषित किया था।
रोहड़ू पुलिस की टीम काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी गुलाब सिंह को अदालत में पेश किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने आरोपी को 12 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी को शिमला के कैथू स्थित जिला जेल भेजा गया है। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।