राजस्थान में वरिष्ठ IAS शिखर अग्रवाल के खिलाफ ACB की FIR, 40 विला और कॉटेज खरीदकर लीज पर देने का आरोप

Share

- Advertisement -

Jaipur News: राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह मामला गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड से 40 विला और कॉटेज खरीदकर उन्हें वापस उसी कंपनी को लीज पर देने से जुड़ा है। एफआईआर में कंपनी के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।

पद के दुरुपयोग और अनियमितताओं के आरोप

एसीबी की प्रारंभिक जांच के दौरान कंपनी के रिसॉर्ट्स से जुड़ी कई कथित अनियमितताएं सामने आई हैं। इनमें भू-रूपांतरण, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की मंजूरियों और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत दिए गए कस्टमाइज्ड पैकेज से जुड़े मामले शामिल हैं।

आरोप है कि उद्योग विभाग में तैनाती के दौरान शिखर अग्रवाल ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गोयल फैशंस प्राइवेट लिमिटेड को अनुचित लाभ पहुंचाया।

उदयपुर और अलवर के रिसॉर्ट में खरीदे गए 40 विला-कॉटेज

जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, करीब ढाई साल की अवधि में शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने कंपनी से ये संपत्तियां खरीदी थीं। उदयपुर और अलवर के अजबगढ़ स्थित अनंता रिसॉर्ट में कंपनी से 20-20 विला और कॉटेज खरीदे गए और बाद में इन्हें वापस कंपनी को ही लीज पर दे दिया गया।

सरकार की कार्रवाई और जांच का घटनाक्रम

एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद 31 अक्टूबर को इस मामले की प्रारंभिक जांच शुरू की गई थी। जांच के तहत विभिन्न विभागों से संबंधित रिकॉर्ड मंगवाए गए। आरोपों की प्रथम दृष्टया पुष्टि होने के बाद बुधवार को इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने करीब दो सप्ताह पहले ही कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल और उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर को उनके पदों से हटा दिया था और उन्हें पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा (एपीओ) में रखा था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News