Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज और महराजगंज तराई थाना क्षेत्रों में दो नाबालिग किशोरियों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों मामलों में परिजनों ने गांव के युवकों पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
श्रीदत्तगंज में 13 वर्षीय छात्रा लापता
श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय छात्रा के लापता होने पर पुलिस ने 18 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, किशोरी अपनी मौसी के घर रहकर खरदौरी स्थित एक माध्यमिक विद्यालय में कक्षा सात में पढ़ती थी। वह 13 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी।
परिजनों और रिश्तेदारों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि छोटी खमरिया गांव निवासी भानू कश्यप पुत्र छोट्टन किशोरी को शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।
महराजगंज तराई क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी गायब
बलरामपुर के ही महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के एक गांव में 16 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। किशोरी के पिता के अनुसार, उनकी बेटी 16 नवंबर की शाम करीब छह बजे घर के पश्चिम दिशा में खेत में शौच के लिए गई थी। एक घंटे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन गांव और रिश्तेदारी में उसका पता नहीं चल सका।
पिता ने गांव के ही छोटू पासवान उर्फ ननकने से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन बंद मिला। परिजनों का आरोप है कि युवक का घर आना-जाना था और उसने किशोरी को बहला-फुसलाकर भगा लिया। पिता ने इस मामले में युवक के बड़े भाई महेश पासवान और उसकी पत्नी की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।