Vrindavan News: संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम के शिष्य रसिक दुलारी शरण की संदिग्ध मौत से जुड़ा मामला लगातार गहराता जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस घटना के बाद आश्रम में दर्शन और दीक्षा अनिश्चित काल के लिए बंद कर दी गई है। साधकों का ड्रेस कोड भी हटा दिया गया है।
रसिक दुलारी की मौत की गुत्थी अभी पूरी तरह सुलझी भी नहीं थी कि आश्रम से एक और शिष्य के गायब होने की बात सामने आई है। लापता शिष्य का परिवार आश्रम के बाहर धरने पर बैठ गया है। वहीं अब सामने आए एक नए सीसीटीवी वीडियो ने मामले में कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
नए सीसीटीवी फुटेज में रसिक दुलारी शरण बेहद तनाव और बेचैनी में नजर आ रहे हैं। वे छत की रेलिंग पर बैठे दिखते हैं और उनसे ठीक से चला भी नहीं जा रहा है। वे दीवार से उठकर फर्श पर लेट जाते हैं। ऐसा लगता है कि वे किसी असहनीय शारीरिक दर्द या भारी परेशानी से जूझ रहे थे।
इसके बाद वे अचानक उठते हैं और बाउंड्री की तरफ दौड़ते हुए चौथी मंजिल से नीचे छलांग लगा देते हैं। उसी समय सफेद कपड़ों में एक अन्य शिष्य भी छत की ओर दौड़ता हुआ आता दिखाई देता है। जमीन पर गिरते ही रास्ते पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार शरीर से अत्यधिक खून बह जाने यानी हेमरेजिक शॉक की वजह से उनकी जान गई। यह एक मेडिको-लीगल मामला है। जांच में उनके सिर, छाती और प्राइवेट पार्ट पर गंभीर चोटें मिली हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट पार्ट कटने की बात भी सामने आई है।
वृंदावन के सर्किल ऑफिसर संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को जांच में सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें वे छत से कूदते दिख रहे हैं। कमरे के अंदर के माहौल और परिस्थितियों की बहुत बारीकी से जांच चल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन कारणों से उन्होंने यह कदम उठाया।