Paonta Sahib News: हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में बागनी में तैनात वन विभाग के रेंज ऑफिसर सुमंत को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने यमुना नदी से रेत ले जाने के मामले में दो ट्रैक्टरों को जब्त न करने के बदले यह रकम मांगी थी।
हिमाचल प्रदेश राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने बागनी में तैनात वन विभाग के रेंज ऑफिसर सुमंत को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी के खिलाफ नाहन स्थित सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई बागनी निवासी इकराम पुत्र इकबाल की शिकायत पर की गई है। पेशे से मजदूर इकराम ने शिकायत में आरोप लगाया था कि रेंज ऑफिसर सुमंत ने उसके जीजा जुल्फान के दो ट्रैक्टरों को यमुना नदी से रेत ले जाने के आरोप में जब्त करने की धमकी दी थी। ट्रैक्टरों को जब्ती की कार्रवाई से बचाने के बदले आरोपी अधिकारी ने कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस विभाग ने इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में पांवटा साहिब में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान जैसे ही आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की तय राशि स्वीकार की, विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगामी जांच जारी है और विजिलेंस टीम सभी संबंधित तथ्यों तथा पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति: डीजीपी अशोक तिवारी
इस कार्रवाई पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक तिवारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस और राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी अधिकारी कानून से ऊपर नहीं है और रिश्वत मांगने या स्वीकार करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने आम जनता से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतें बिना किसी भय के सामने लाएं। उन्होंने कहा कि विजिलेंस ब्यूरो वास्तविक शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा और सरकारी पद का दुरुपयोग कर निजी लाभ लेने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाएगा।