सिरमौर के नौहराधार बैंक घोटाले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी सहायक प्रबंधक बर्खास्त, होगी पूरी रिकवरी

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में नौहराधार स्थित सहकारी बैंक के बहुचर्चित घोटाले में बैंक प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाया है। इस वित्तीय गड़बड़ी के मुख्य आरोपी सहायक प्रबंधक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। साथ ही गबन की पूरी रकम मुख्य आरोपी से ही वसूलने के निर्देश दिए गए हैं।

बैंक के प्रबंध निदेशक विनय सिंह ने बताया कि जांच में 13 अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई थी। विभागीय जांच के बाद इनमें से 7 कर्मचारियों को दोषी पाया गया है। मुख्य आरोपी को बर्खास्त करने के साथ अन्य जिम्मेदार कर्मियों को डिमोट किया गया है और कुछ का तबादला कर दिया गया है।

गबन के बाद अपनी जमा पूंजी खोने के डर से परेशान ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। बैंक प्रबंधन के मुताबिक प्रभावित 98 प्रतिशत ग्राहकों के खातों में पैसे वापस लौटा दिए गए हैं। वहीं बाकी बचे 2 प्रतिशत उपभोक्ताओं की राशि भी बहुत जल्द लौटा दी जाएगी।

स्थानीय निवासियों और व्यापार मंडल ने बैंक की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत किया है। उपभोक्ता इंद्रपाल चौहान, नरेंद्र सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर और पूर्व अध्यक्ष रविंद्र चौहान ने कहा कि इस फैसले से बैंक पर लोगों का भरोसा मजबूत होगा और कामकाज में जवाबदेही बढ़ेगी।

बता दें कि 13 अगस्त 2024 को नौहराधार सहकारी बैंक में करोड़ों के गबन का खुलासा हुआ था। मामला सामने आते ही शिमला स्थित बैंक मुख्यालय ने ऑडिट टीम भेजकर गहन जांच कराई थी। इसके बाद आरोपी को तुरंत निलंबित किया गया था और अब जांच पूरी होने पर बर्खास्तगी की कार्रवाई हुई है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News