सिरमौर के नैना टिक्कर मंदिर में दलित सरकारी कर्मचारी पर पुजारी ने किया हमला, पच्छाद पुलिस ने दर्ज किया केस

Share

- Advertisement -

Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मां नैना देवी मंदिर के पुजारी पर सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगा है। पच्छाद पुलिस ने आरोपी पुजारी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित कर्मचारी मंदिर परिसर में सरकारी पानी के टैंक की सफाई करने गया था।

सिरमौर के पच्छाद क्षेत्र में ग्राम पंचायत नैना टिक्कर स्थित मां नैना देवी मंदिर एक बार फिर विवादों में घिर गया है। 29 अगस्त 2026 को जल शक्ति विभाग के 57 वर्षीय कर्मचारी बाला राम अपने साथियों के साथ मंदिर परिसर में बने पानी के टैंक की सफाई की ड्यूटी कर रहे थे।

शिकायत के मुताबिक सफाई के दौरान मंदिर के पुजारी विक्रम ठाकुर वहां पहुंचे। उन्होंने बाला राम को जातिसूचक अपशब्द कहे। पीड़ित के अनुसार पुजारी ने कहा, “तू चमार, तुझे यहाँ किसने बुलाया, आज मैं तुझे जान से मार दूंगा।” इसके बाद पुजारी ने डंडे से बाला राम के सिर पर हमला कर दिया।

हमले में बाला राम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उनके चेहरे और सिर से खून बहने लगा। मौके पर पशु चरा रहीं दो महिलाओं और साथी कर्मचारी हरीश कुमार ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीड़ित ने पच्छाद थाने पहुंचकर न्याय की मांग करते हुए अपनी लिखित शिकायत दर्ज करवाई।

पच्छाद पुलिस ने पुजारी विक्रम ठाकुर के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सब इंस्पेक्टर नरिंदर कुमार कौंडल ने मीडिया से बातचीत में मामला दर्ज करने की पुष्टि की और बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है।

देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में आस्था के केंद्र से आई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मंदिर में पहले भी ऐसे विवाद सामने आ चुके हैं। पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोग प्रशासन से इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News