Kullu News: कुल्लू जिले के रायसन में कंपनी गेट के पास खुले में लघुशंका करने से मना करने पर कुछ युवकों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस मारपीट में दो कर्मचारियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बचाव करने आए सुरक्षाकर्मी और कर्मचारी पर भी हमला
पुलिस के अनुसार वैली एग्रो फ्रेश के अकाउंटेंट नेक राम ने गेट के बाहर पेशाब कर रहे युवकों को रोका था। इस बात पर आरोपियों ने बहस करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे कर्मचारी पंकज और सुरक्षा कर्मी नरेश पर भी हमला किया गया, जिससे उनके सिर और माथे पर चोटें आईं।
ब्रो थाने में मारपीट और धमकी का दूसरा केस दर्ज
उधर पुलिस थाना ब्रो के तहत निरमंड निवासी कुलदेव ने सतीश कुमार पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार आरोपी ने रात को रास्ता रोककर गाली-गलौज और हाथापाई की और अगली सुबह जान से मारने की धमकी दी। एसपी अभिषेक सेकर ने दोनों मामलों की पुष्टि की है।