Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हाउसिंग सोसाइटी में डांस क्लास जाने और खाना न बनाने को लेकर हुए विवाद में पति ने पत्नी की जान ले ली। नशे में धुत आरोपी ने अपने दो मासूम बच्चों के सामने ही महिला पर हमला किया था।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 38 वर्षीय यामिनी के तौर पर हुई है। वहीं 41 साल के आरोपी पति का नाम कृष्णा लाल यादव है। घटना वाले दिन काम से घर लौटने के बाद आरोपी ने पत्नी से खाना मांगा। यामिनी उस समय डांस क्लास जाने की तैयारी में व्यस्त थी।
डांस क्लास और खाना बनाने को लेकर भड़का विवाद
यामिनी ने उस समय खाना बनाने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों में तेज बहस हुई। विवाद बढ़ने पर नशे में धुत कृष्णा लाल अपना आपा खो बैठा। उसने दोनों बच्चों के सामने ही यामिनी के पेट और गर्दन पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गई।
हमले के बाद यामिनी को असहनीय दर्द होने लगा। उसने पति से पेनकिलर दवा लाने को कहा। पति मेडिकल स्टोर गया, लेकिन दुकान बंद होने के कारण खाली हाथ लौट आया। पेट में सूजन और गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ गंभीर चोटों का खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच रिपोर्ट में गर्दन की हड्डी टूटने और आंतों को भारी नुकसान पहुंचने की पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी कृष्णा लाल से सख्ती से पूछताछ की और उसे पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।