Mumbai News: मुंबई के बांद्रा इलाके में रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने आठ साल के मासूम बच्चे को कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। कार चला रही 45 वर्षीय महिला मोबाइल फोन पर बात करने में व्यस्त थी। पुलिस ने आरोपी महिला को अरेस्ट कर लिया है।
यह दर्दनाक हादसा दोपहर के वक्त जॉन बैपटिस्ट रोड पर जीजामाता गार्डन के सामने हुआ। पीड़ित अंश रवींद्र गुप्ता सड़क पार कर रहा था। उसी समय बांद्रा निवासी मेघा रावल अपनी इनोवा क्रिस्टा कार को बहुत तेज रफ्तार में चला रही थी। ध्यान भटकने के कारण उसने बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, परिजनों ने मांगी इंसाफ की गुहार
टक्कर मारने के बाद कार सीधे बच्चे के ऊपर से गुजर गई। गंभीर रूप से घायल बच्चे को फौरन इलाज के लिए नजदीकी होली फैमिली हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता अरविंद गुप्ता ने रोते हुए प्रशासन से न्याय की सख्त मांग की है।
लापरवाही से गाड़ी चलाने पर बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी महिला मेघा रावल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 281, 125 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।