Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दिवाली की रात मझोला थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली रोड स्थित एक होटल और चाय ढाबे पर विवाद के दौरान 17 वर्षीय किशोर अब्दुल्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में दिवाली की रात खुशियों का माहौल उस समय मातम में बदल गया जब दिल्ली रोड स्थित खातिरदारी होटल और चाय के ढाबे पर युवकों के बीच हुए विवाद में एक 17 वर्षीय किशोर की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अब्दुल्ला के रूप में हुई है। यह पूरी घटना ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड स्थित खातिरदारी होटल और चाय की दुकान पर कुछ युवक बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जिसने जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो पक्षों के बीच चल रही आपसी रंजिश के चलते एक हमलावर ने फायरिंग कर दी। गोली वहां मौजूद अब्दुल्ला को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
जान बचाने के लिए होटल के भीतर भागा था किशोर
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि गोली लगते ही अब्दुल्ला अपनी जान बचाने के लिए होटल के अंदर की तरफ भागा, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजन मोहम्मद फाजिल अंसारी ने बताया कि अब्दुल्ला पाकबड़ा के मुल्लाओ वाला मोहल्ले का निवासी था और उनका परिवार बर्तन कारोबार से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ढाबे पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है और पूर्व में भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। परिजनों का कहना है कि अब्दुल्ला की किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी, फिर भी उसे निशाना बनाया गया। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में ली, टीमें गठित
वारदात की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि एक-दूसरे से परिचित कुछ युवक चाय पी रहे थे, तभी उनके बीच विवाद हुआ और गोली चलने से अब्दुल्ला की जान चली गई।
एसपी सिटी ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर ली गई है। ढाबा संचालक और प्रत्यक्षदर्शियों से गहन पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीमों को आरोपियों की तलाश में रवाना किया गया है।