मध्य प्रदेश के सिंगरौली में ‘मिस प्रिटी इंडिया’ निधि तिवारी ने लगाई फांसी, सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट

Share

- Advertisement -

Singrauli News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और ‘मिस प्रिटी इंडिया’ 2024 की विजेता निधि तिवारी ने खुदकुशी कर ली। रविवार सुबह मोरवा क्षेत्र स्थित उनके घर के कमरे में उनका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मूल रूप से बनारस की रहने वाली 30 वर्षीय निधि सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थीं। उनके इंस्टाग्राम और फेसबुक पर लाखों फॉलोअर्स थे। वह अपने डांस वीडियो को लेकर चर्चा में रहती थीं। उनकी संदिग्ध मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

फोन पर बहस के बाद कमरे में खुद को किया था बंद

निधि की मां ने बताया कि शनिवार रात निधि की दिल्ली के एक युवक से फोन पर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद उन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। उन्होंने रात में खाना खाने से भी मना कर दिया था। रविवार सुबह दरवाजा न खुलने पर परिजनों ने पुलिस बुलाई।

पुलिस ने खिड़की से देखा तो निधि का शव फंदे पर लटक रहा था। आत्महत्या से ठीक पहले निधि ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट लिखा था। उन्होंने खुद से प्यार करने और किसी अन्य पर निर्भर न रहने की बात कही थी। इसके कुछ देर बाद ही यह दर्दनाक कदम उठाया।

पांच साल पहले बड़ी बहन ने भी की थी खुदकुशी

पड़ोसियों के अनुसार निधि अपनी मां और छोटी बहन के साथ रहती थीं। पांच साल पहले उनकी बड़ी बहन ने भी कुएं में कूदकर जान दे दी थी। निधि भविष्य में फिल्मों में अभिनय करना चाहती थीं। 2024 में उन्होंने ब्यूटी पेजेंट का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया था।

मोरवा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मोबाइल की कॉल डिटेल और सोशल मीडिया चैट की सघन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के वक्त वह किसके संपर्क में थीं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News