Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एक युवक ने वेंटिलेटर पर मोबाइल फोन रखकर नहा रही महिला का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। यह मामला धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के टिहरा स्थित एक गांव का है। पीड़िता की शिकायत के बाद स्थानीय पुलिस ने आरोपी पड़ोसी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, चार सितंबर को जन्माष्टमी की छुट्टी के कारण पीड़िता घर पर मौजूद थी। दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने मकान की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में नहाने गई थी। कपड़े टांगते समय उसकी नजर ऊपर वेंटिलेटर पर पड़े एक मोबाइल फोन पर पड़ी, जिसे खास कोण पर छिपाकर रखा गया था।
बाथरूम से बाहर आने पर महिला ने देखा कि पड़ोसी युवक रोहित वेंटिलेटर से अपना मोबाइल फोन उठा रहा था। पीड़िता ने तुरंत उससे फोन मांगा, जिसे युवक ने उसे सौंप दिया। इसके बाद महिला ने अपनी भाभी और पूर्व प्रधान को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद वहां ग्रामीण एकत्र हो गए।
ग्रामीणों के जमा होते ही आरोपी युवक माफी मांगने लगा। हालांकि, जब उसके मोबाइल की गैलरी खोली गई, तो उसमें महिला के नहाने का करीब 7 मिनट 51 सेकंड का वीडियो मिला। पीड़िता ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।