लंबागांव में पुलिस को गुमराह करने के दो मामले आए सामने, महिला ने लगाया झूठा आरोप तो दूसरे ने रचा अपहरण का ड्रामा

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के लंबागांव पुलिस थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो ऐसे अजीब मामले सामने आए, जिन्होंने सभी को चौंका दिया। पहले मामले में एक महिला ने पुलिसकर्मी पर शराब और पैसे मांगने के फर्जी आरोप लगाए, जिसे बाद में वापस ले लिया। वहीं दूसरे मामले में एक व्यक्ति ने फर्जी अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी।

पहले मामले में एक महिला ने फेसबुक पर लाइव आकर लंबागांव थाने में तैनात कांस्टेबल पर प्रताड़ित करने और शराब-रुपयों की मांग का आरोप लगाया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद स्थानीय टैक्सी यूनियन पुलिसकर्मी के समर्थन में उतर आई और कई चालक सीधे थाने पहुंच गए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला के खिलाफ धारा 136 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। एफआईआर दर्ज होने का पता चलते ही महिला ने अगले दिन दोबारा फेसबुक लाइव किया। इसमें उसने पुलिस से माफी मांगते हुए कहा कि पारिवारिक वजहों से उसने यह फर्जी कदम उठाया था।

महिला ने यह भी स्वीकार किया कि इस पूरे वाकये में पुलिस की कोई गलती नहीं थी। इस बारे में डीएसपी पालमपुर सुनील ठाकुर ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उधर दूसरा मामला पुलिस हेल्पलाइन के गलत इस्तेमाल से जुड़ा सामने आया। एक व्यक्ति ने झूठी सूचना दी कि हलेड़ मंदिर के पास से किसी का अपहरण कर लिया गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक बदमाशों ने पीड़ित के हाथ-पैर बांधकर उसे जयसिंहपुर अस्पताल के पास सड़क पर फेंक दिया था।

सूचना मिलते ही लंबागांव पुलिस ने तुरंत छानबीन की, जिसमें घटना पूरी तरह फर्जी पाई गई। पुलिस के अनुसार आपसी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष को नीचा दिखाने के लिए हेल्पलाइन का गलत उपयोग किया गया था। अब पुलिस ने इस मामले में झूठी शिकायत दर्ज कराने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News