Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में शुक्रवार को भीषण हादसा हुआ। उदयपुर-पांगी मार्ग पर कडू नाला के पास चट्टान गिरने से टाटा सूमो टैक्सी मलबे में दब गई। इस दर्दनाक हादसे में 6 महीने के मासूम समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई।
मलबे में दबने के बाद वाहन में लगी आग
पुलिस के अनुसार कुल्लू से किलाड़ जा रही इस टैक्सी में 15 लोग सवार थे। विशाल चट्टानें गिरने से गाड़ी मलबे के नीचे दब गई और उसके पिछले हिस्से में आग लग गई। स्थानीय लोगों, राहगीरों और सेना के जवानों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की। घटना के वीडियो में गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आ रही है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने लाहौल-स्पीति के उपायुक्त को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए। सरकार ने पीड़ितों के परिवारों को हर संभव मदद और घायलों को बेहतर इलाज देने का भरोसा दिया है।
भरमौर के विधायक जनक राज और उपायुक्त किरण भड़ाना ने हादसे में 13 मौतों की पुष्टि की है। भूस्खलन के कारण यह रास्ता एक दिन पहले बंद था और सड़क खुलते ही यात्री रवाना हुए थे। तिंदी पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं, जबकि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।