Kullu News: जिला कुल्लू के भुंतर पुलिस स्टेशन के तहत कॉलेज की 18 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा 14 अगस्त को कॉलेज गई थी, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटी।
परिजनों के अनुसार कॉलेज फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट के घर न लौटने पर उन्होंने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ आ रहा है। इसके बाद परिवार वालों ने मामले की जानकारी तुरंत भुंतर पुलिस स्टेशन में जाकर पुलिस अधिकारियों को दी।
बजौरा के युवक पर लगा बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
जांच के दौरान परिजनों को पता चला कि बजौरा का रहने वाला स्वास्तिक नाम का लड़का भी उसी दिन से गायब है। परिजनों ने आशंका जताई है कि स्वास्तिक ही उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले गया है। पुलिस ने इस पहलू को केंद्र में रखकर जांच तेज कर दी है।
एसपी अभिषेक शेखर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी माध्यमों से दोनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।