Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में गुरुवार सुबह दो बसों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद 40 यात्रियों से भरी एचआरटीसी बस सड़क किनारे हवा में लटक गई। यह दुर्घटना भगेड़-पनौल रूट पर हनुमान मंदिर के पास घटी। सुरक्षा दीवार के कारण बस गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बची।
जानकारी के अनुसार, सरकारी बस जबलू से घुमारवीं की तरफ जा रही थी। इस बस में स्कूली बच्चे, कॉलेज के विद्यार्थी और रोजाना सफर करने वाले करीब 40 यात्री मौजूद थे। हनुमान मंदिर के समीप सामने से आ रही मेघ ट्रेवल्स की निजी बस से इसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरकारी बस का आधा हिस्सा 200 मीटर गहरी खाई की तरफ झूल गया। गनीमत रही कि सड़क किनारे मौजूद पैरापिट ने बस को रोक लिया। इस दुर्घटना में यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। दूसरी निजी बस गेहड़वीं से घुमारवीं रूट पर चल रही थी। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले 9 अगस्त को चंबा जिले के तीसा क्षेत्र में भी एक दर्दनाक बस दुर्घटना हुई थी। उस हादसे में आठ लोगों की जान चली गई थी। ताजा घटना में पैरापिट की मजबूती ने 40 जिंदगियों को बचा लिया।