Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और उसे बेचने का मामला सामने आया है। चुराह क्षेत्र के एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बद्दी ले जाकर बेचने का आरोप है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बचाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
डीएसपी सलूणी रंजन शर्मा ने बताया, “इस मामले का खुलासा होने पर आरोपी फरार है. बहरहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है”. पुलिस टीम आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
चंबा पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 साल की छात्रा को झूठे वादे में फंसाया। उसने दुष्कर्म करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण किया। इसके बाद 27 जुलाई 2026 को आरोपी उसे घुमाने के बहाने बद्दी ले गया।
बद्दी पहुंचते ही आरोपी ने किशोरी का मोबाइल छीन लिया और उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया। इसके बाद 8 अगस्त को उसने छात्रा को एक अनजान व्यक्ति को बेच दिया। हालांकि, उस खरीदार ने इंसानियत दिखाते हुए बच्ची की दर्दभरी दास्तान सुनी और तुरंत तीसा पुलिस स्टेशन से संपर्क किया।
पुलिस और उस शख्स की मदद से नाबालिग को सुरक्षित रेस्क्यू कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।