Kolkata News: कोलकाता के एनआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में बुधवार रात एक 30 वर्षीय नर्स का शव बंद टॉयलेट से बरामद हुआ। ड्यूटी के दौरान रात करीब 9:40 बजे नर्स गायब हो गई थी। कर्मचारियों की खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली, तो पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
मैटरनिटी वार्ड का दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव
हॉस्पिटल के मैटरनिटी वार्ड की पहली मंजिल पर स्थित टॉयलेट का दरवाजा अंदर से काफी देर तक बंद था। कर्मचारियों द्वारा आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया। पुलिस ने तुरंत इलाके को सील कर दिया। प्रारंभिक जांच में टॉयलेट के अंदर एनेस्थीसिया दवा की खाली शीशियां और सिरिंज मिली हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल रिकॉर्ड से जांच में जुटी पुलिस
डॉक्टरों द्वारा नर्स को मृत घोषित किए जाने के बाद पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है।
मार्च में हुई थी शादी, पति को पूछताछ के लिए बुलाया
अस्पताल कर्मियों के अनुसार मृतका की शादी इसी साल मार्च में हुई थी। उसका परिवार पूर्वी मिदनापुर में रहता है, जबकि पति का परिवार दिल्ली का है। दंपति कोलकाता के पास किराए के फ्लैट में रहता था। पुलिस ने जांच में शामिल होने के लिए मृतका के पति को बुलाया है और कर्मचारियों से पूछताछ जारी है।