Bilaspur News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर यात्रियों से खाने-पीने की चीजों के मनमाने दाम वसूलने वाले दुकानदारों पर कानूनी माप विज्ञान विभाग ने शिकंजा कसा है। विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण कर प्रिंट रेट से अधिक पैसे लेने वाले पांच दुकानदारों के चालान काटे हैं।
फोरलेन स्थित कुछ ढाबों और दुकानों पर यात्रियों से तय दाम से अधिक पैसे ऐंठने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर के सहायक नियंत्रक प्रवीण सिउटा के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कई स्थानों पर सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया।
विभागीय टीम ने मैहला, औहर, भगेड़ और घुमारवीं रोड पर स्थित दुकानों की गहन जांच की। चेकिंग के दौरान टीम ने सामान पर लिखे एमआरपी का ग्राहकों से ली जा रही रकम से मिलान किया। इसमें कई दुकानदार कोल्ड ड्रिंक्स और सिगरेट पर प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे लेते पकड़े गए।
नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। साथ ही संबंधित ढाबा मालिकों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं। फोरलेन बनने के बाद इस रूट पर वाहनों का आवागमन और यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ी है।
कुछ दुकानदार यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर अधिक दाम वसूल रहे थे। विभाग ने साफ किया कि ग्राहकों से ओवरचार्जिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी। विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि वे सामान खरीदते समय पैकेट पर लिखा एमआरपी जरूर चेक करें।
अगर कोई दुकानदार प्रिंट रेट से ज्यादा पैसे मांगता है तो तुरंत विभाग से शिकायत करें। सहायक नियंत्रक प्रवीण सिउटा ने बताया, “मनमाने रेट वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। औचक निरीक्षण में पांच ढाबा संचालक दोषी पाए गए, जिनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।”