किन्नौर के सांगला में गहरी खाई में गिरी कार, डीआरडीए के जिला प्रोग्राम मैनेजर की मौके पर मौत

Share

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। सांगला-छितकुल मार्ग पर बटसेरी के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर करीब 120 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे अधिकारी की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय कमल मेहता के तौर पर हुई है। वह जिला मुख्यालय रिकांगपिओ स्थित डीआरडीए ऑफिस में डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर के पद पर तैनात थे। हादसे में कार सवार दूसरा युवक 28 वर्षीय मुनीष चौहान गंभीर रूप से जख्मी हुआ है, जो शिमला जिले के कोटखाई का निवासी है।

यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे हुई, जब दोनों स्विफ्ट डिजायर कार से रक्छम से सांगला की ओर जा रहे थे। बटसेरी के पास अचानक ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार सीधे खाई में गिर गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

सूचना मिलते ही सांगला पुलिस स्टेशन की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और घायल मुनीष को तुरंत सांगला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने घायल युवक को हायर सेंटर रामपुर रेफर कर दिया है।

एसपी किन्नौर सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है। वहीं, स्थानीय प्रशासन की ओर से मृतक के परिवार को 25 हजार और घायल को 5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि जारी की गई है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News