Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावानगर में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां कलामंच ग्राउंड के पास से 7 साल की बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म किया गया। इस मामले में पुलिस ने 15 साल के नाबालिग लड़के पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वहीं पीड़ित मासूम बच्ची को तुरंत भावानगर के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टर लगातार बच्ची की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी ने बहला-फुसलाकर मासूम का अपहरण किया था। इसके बाद वह बच्ची को पास के एक खाली कमरे में ले गया और वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय आरोपी ने 68 नंबर लिखी सफेद और नीले रंग की टी-शर्ट पहनी थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से मामले की गहन तफ्तीश कर रही है।
किन्नौर के एसपी सुशील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस निष्पक्षता से जांच कर रही है। उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि इस संवेदनशील मामले पर सोशल मीडिया पर गलत प्रचार या अफवाहें फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।