Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कसोल में आयोजित रेव पार्टियों पर कार्रवाई न करने के मामले में हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। अदालत ने कुल्लू के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम का तबादला करने के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही दोषी अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करने का निर्देश दिया है।
प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए कुल्लू के एसडीएम निशांत का भी ट्रांसफर कर दिया गया है। उनकी जगह डॉ. जयबंती ठाकुर को नया प्रभार सौंपा गया है। कसोल में रेव पार्टी के आयोजन को लेकर राज्य सरकार और local administration की काफी किरकिरी हो रही थी। अदालत इस पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है।
यह विवाद 7 से 11 जून के दौरान कसोल के पास स्थित ग्राहन इलाके में आयोजित पार्टियों से शुरू हुआ था। इन इवेंट्स में हजारों की संख्या में टूरिस्ट पहुंचे थे, जिसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। आयोजकों ने प्रति व्यक्ति 10 हजार से 16 हजार रुपये तक टिकट फीस वसूली थी।
डीएसपी ने अपनी रिपोर्ट में नशे के अत्यधिक इस्तेमाल और अवैध गतिविधियों की आशंका जताते हुए अनुमति न देने की सिफारिश की थी। इसके बावजूद एसडीएम ने साउंड सिस्टम और आयोजन की परमिशन दे दी। कोर्ट ने कहा कि अगर 9 जून को वेकेशन बेंच दखल न देती, तो यह अवैध कार्यक्रम 11 जून तक जारी रहता।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की रिपोर्ट में आयोजन स्थल पर 4,000 से 5,000 लोगों की क्षमता वाले टेंट मिलने की पुष्टि हुई है। मौके से शराब की बोतलें, सिगरेट और रोलिंग पेपर बरामद किए गए। दो पर्यटकों को कोकीन और एलएसडी के साथ गिरफ्तार कर एफआईआर दर्ज की गई थी।
कार्यक्रम के दौरान डीजे के रूप में आई एक रूसी महिला की संदिग्ध ड्रग ओवरडोज से मौत भी हो चुकी है। हाई कोर्ट ने डीआईजी स्तर के अधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने जिले में आईपीएस कैडर के एसपी की तैनाती पर विशेष जोर दिया है।