Bengaluru News: कर्नाटक के 962 पुलिस थानों ने शनिवार को विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर विभिन्न प्रतिष्ठानों से 800 बाल मजदूरों को सुरक्षित छुड़ाया। इस राज्यव्यापी जांच अभियान में कुल 16,951 परिसरों की गहन तलाशी ली गई। बच्चों से मजदूरी कराने वाले सभी लापरवाह मालिकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस का बड़ा एक्शन
उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के राज्यव्यापी निर्देश के बाद पुलिस विभाग ने यह त्वरित एक्शन लिया। हाल ही में बेंगलुरु के एपीएमसी यार्ड दौरे पर उन्होंने बच्चों को काम करते देखा था। इस घटना के संज्ञान में आने के तुरंत बाद पुलिस टीमों को एक्टिव किया गया और व्यापक जांच अभियान शुरू हुआ।
अकेले बेंगलुरु शहर से पुलिस ने 503 बच्चों को आजाद कराया और दुकानदारों पर 18 आपराधिक मामले दर्ज किए। मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इसके अतिरिक्त कलबुर्गी से 22, मैसूरु से 13, हुबली-धारवाड़ से 10 और मंगलुरु से 3 बच्चों को बाल श्रम के चंगुल से सफलता से बचाया गया है।