Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर इनकी अनियंत्रित बाइक सीधे गहरी खाई में गिर गई। गंभीर चोटें आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक पंजाब से मणिमहेश यात्रा के लिए निकले थे।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक नंबर PB-35U-2347 पर सवार होकर मणिमहेश दर्शन के लिए जा रहे थे। शनिवार रात करीब 8 बजे दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास अचानक चालक ने संतुलन खो दिया। इसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की खबर मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी की टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत राहत कार्य के लिए पहुंचे। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें पोस्टमार्टम और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान पंजाब के पठानकोट निवासी ज्योति और अनिल कुमार के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों ने सड़क दुर्घटना के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस दुखद हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में गहरा मातम छाया हुआ है।