Sacramento News: कैलिफोर्निया के सेक्रामेंटो शहर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 38 वर्षीय भारतीय मूल की शालिनी ठाकुर की उनके 22 वर्षीय सिरफिरे आशिक ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने हाईवे पर पुलिस घेराबंदी के दौरान खुद को भी गोली मारकर जान दे दी।
रेस्तरां के बाहर पीछा कर सिर में मारी गोली
पुलिस के मुताबिक, घटना हॉव एवेन्यू स्थित पैनेरा ब्रेड रेस्तरां के बाहर दोपहर करीब 3 बजे हुई, जहां शालिनी वेट्रेस के रूप में कार्यरत थीं। आरोपी रोहित ने भागती हुई शालिनी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और जमीन पर गिरने के बाद सिर में बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
एक साल से कर रहा था स्टॉकिंग, कोर्ट के आदेश की उड़ाईं धज्जियां
परिजनों के अनुसार आरोपी शादी के लिए लगातार दबाव बना रहा था, लेकिन उम्र में अंतर के चलते शालिनी ने प्रस्ताव ठुकरा दिया था। आरोपी ने शालिनी की कार में ट्रैकर लगा रखा था और कई बार घर में घुसने की कोशिश की थी। कोर्ट से मिले सुरक्षा आदेश (रेस्ट्रेनिंग ऑर्डर) के बावजूद आरोपी लगातार उसका पीछा कर रहा था।