Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर खोली के पास 16 टायरों वाला एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हुआ है।
यह घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। ट्रक पठानकोट से राजियाना की तरफ जा रहा था। तभी ड्राइवर ने गाड़ी से अपना नियंत्रण खो दिया। इसके बाद वाहन खोली और राजियाना गांव के बीच बने पुल से 50 फीट से ज्यादा नीचे नदी की तलहटी में जा गिरा।
हादसे के बाद पुलिस ने दर्ज किया मामला
हादसे के दौरान हुई जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रक में सवार दो लोगों को मृत अवस्था में पाया। घटना के बाद घायल ड्राइवर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस पूरे हादसे की सूचना पुलिस प्रशासन को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और जांच जारी है।