Kamrup News: असम के कामरूप ग्रामीण जिले में चरित्र पर शक के चलते एक प्रेमी द्वारा अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने रंगिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में युवती पर कैंची और टेस्टर से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की शिनाख्त सोनितपुर जिले के हुगराजूली निवासी तेईस वर्षीय मालिनी गुरिया के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी युवक की पहचान उदलगुरी निवासी बाईस वर्षीय अभिजीत किंडो के रूप में की गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुदकुशी करने की कोशिश भी की थी।
होटल के कमरे में खून से लथपथ मिला युवती का शव
रविवार सुबह रंगिया पुलिस को रेलवे इंस्पेक्टर के माध्यम से होटल में इस खूनी वारदात की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम को होटल के कमरे में मालिनी का खून से लथपथ शव मिला। मृतका के शरीर पर नुकीले औजार से किए गए कई गहरे निशान पाए गए।
वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी अभिजीत भी उसी कमरे में घायल हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और गंभीर रूप से घायल आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उससे पूछताछ शुरू की गई है।
चेन्नई से लौटी थी मृतका, आरोपी ने पहले से रची थी साजिश
प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया कि मालिनी अपनी दो सहेलियों के साथ शनिवार रात चेन्नई से रंगिया रेलवे स्टेशन पहुंची थी। आरोपी उन्हें रिसीव करने स्टेशन गया था। होटल में आरोपी ने अलग कमरा लिया था, लेकिन देर रात वह मालिनी के कमरे में दाखिल हुआ और योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसे युवती के किसी अन्य व्यक्ति से संपर्क होने का शक था। गुवाहाटी से आई फॉरेंसिक टीम ने होटल से अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।