हिमाचल प्रदेश के सोलन में नशा तस्कर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करीब दो करोड़ की अवैध संपत्ति फ्रीज

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नशा तस्करी के आरोपी राहुल गुप्ता और उसके परिजनों की करीब 1.97 करोड़ रुपये की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है। यह पूरी जायदाद नशे के काले कारोबार से अर्जित की गई थी।

बिहार के सारण जिले के निवासी और वर्तमान में बद्दी में रह रहे आरोपी राहुल गुप्ता से पुलिस ने 10.330 किलोग्राम गांजा जब्त किया था। इसके बाद बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी में स्थित 6 बिस्वा जमीन और तीन मंजिला मकान की जांच की गई, जिसकी कीमत लगभग 1.71 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी की करीब 24.69 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी और बैंक खातों में जमा 1.42 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं। कुल 1,97,76,247 रुपये की इस आर्थिक कार्रवाई की पुष्टि नई दिल्ली स्थित सक्षम अथॉरिटी और एडमिनिस्ट्रेटर ने भी कर दी है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी की मां रिंकू देवी पर भी नशे के व्यापार का मामला दर्ज है। बद्दी पुलिस ने वर्ष 2022 में उसके पास से 824 ग्राम गांजा और अवैध देसी शराब पकड़ी थी। इस संबंध में थाना बद्दी में आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।

डीएसपी बद्दी योगराज चंदेल ने कहा कि बद्दी में नशे के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। पुलिस केवल नशे की जब्ती और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध कमाई से बनाई संपत्ति की भी वित्तीय जांच कर रही है। कानून के अनुसार ऐसी सभी अवैध संपत्तियों को जब्त किया जाएगा।

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और उनकी काली कमाई के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बद्दी पुलिस के इस बड़े कदम को इलाके में सक्रिय नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में एक अहम कार्रवाई माना जा रहा है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News