Hyderabad News: हैदराबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मेडिकल की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया है। तेज रफ्तार एसयूवी ने स्कूटी सवार छात्रा को न केवल टक्कर मारी, बल्कि उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी।
खरीदारी के दौरान सुरक्षाकर्मियों से हुआ था विवाद
यह घटना प्रकाश नगर थाना क्षेत्र के एवी अप्पा राव रोड की है। पीड़ित छात्रा एम प्रियंका जीएसएल मेडिकल कॉलेज में डर्मेटोलॉजी की पढ़ाई कर रही है। वह अपने दोस्त उमेश के साथ स्कूटी से जा रही थी। हादसे में उसके दोस्त को भी गंभीर चोटें आई हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी युवक कथित तौर पर शराब के नशे में थे। वे शॉपिंग मॉल में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, जहां उनका सुरक्षा गार्ड्स से विवाद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि युवकों ने गुस्से में आकर अपनी गाड़ी से स्कूटी को टक्कर मारी।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय पुलिस अधिकारी आर बाजीलाल ने बताया कि एसयूवी प्रियंका के ऊपर से गुजर गई थी। सिर में गंभीर चोट आने के कारण परिवार ने उसे हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे ब्रेन डेड घोषित किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद से ही मेडिकल छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। छात्र सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।