हिमाचल के गगरेट में फर्जी दस्तावेजों से बिजली मीटर बंद कराने पर पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज

Share

- Advertisement -

Una News: गगरेट की ग्राम पंचायत जाडला प्रथम में फर्जी कागजात से बिजली मीटर कटवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित कृष्ण देव की शिकायत पर उनके भाई ईश्वर सिंह और भतीजे अजय कुमार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।

पीड़ित के अनुसार उनका पैतृक संपत्ति को लेकर अपने भाई से कोर्ट में पुराना विवाद चल रहा है। अदालत ने 5 दिसंबर 2023 को मामले में स्टे ऑर्डर जारी किया था। इसके बावजूद उन्हें बेदखल करने की नीयत से फर्जी साइन कर 1984 से चल रहा मीटर 12 जनवरी 2024 को कटवा दिया।

शिकायत में कहा गया कि इसके बाद आरोपियों ने नया कनेक्शन लिया और दूसरा पुराना मीटर बिना मंजूरी शिफ्ट कर दिया। पीड़ित ने बिजली बोर्ड से आरटीआई में मिले दस्तावेजों से इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। साथ ही राशन कार्ड में कथित गड़बड़ी और अन्य संदिग्धों की जांच की मांग भी उठाई।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना गगरेट में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News