Mandi News: हिमाचल प्रदेश के सराज क्षेत्र में दो दिव्यांग भाइयों के साथ मारपीट और उन्हें बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। 17 जुलाई की इस घटना के छह दिन बाद DSP ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित बच्चों और उनके पिता के बयान दर्ज किए।
सराज की भाटकीधार पंचायत के कुलथनी गांव में दो दिव्यांग भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने पीड़ित बच्चों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके अलावा बच्चों को खाई में फेंकने का प्रयास भी किया गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने सही समय पर उनकी जान बचाई।
DSP ने घटनास्थल पर पहुंचकर दर्ज किए बयान
DSP करसोग चंद किशोर ने घटना स्थल पर पहुंचकर दोनों पीड़ित बच्चों और उनके पिता सुंदर सिंह का बयान दर्ज किया। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीर जांच जारी है। मुख्य आरोपी घटना के बाद से घर से फरार है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने भी इस मामले पर कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए DSP को निष्पक्ष और उचित जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि वे खुद भी मामले की जांच के लिए गांव का दौरा करेंगे और पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे।
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
पीड़ित पिता के अनुसार दोनों छात्र दसवीं कक्षा में पढ़ते हैं और अपनी बुआ के घर आए हुए थे। 15 से 20 नशेड़ी किस्म के लड़कों की गैंग ने उन्हें बुरी तरह पीटा और जबरन माफी मंगवाई। पिता ने बताया कि बच्चे पिछले दो वर्षों से स्कूल में जातीय प्रताड़ना झेल रहे थे।
घटना के बाद घायल बच्चों को इलाज के लिए जोनल अस्पताल मंडी में भर्ती कराया गया। जंजैहली पुलिस ने बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस अमानवीय घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।