Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। नूरपुर पुलिस की सीआईए टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो लोगों को दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 676 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा के अनुसार, सीआईए नूरपुर की टीम रविवार शाम लैब चौक क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान केहरियां गांव में शिव मंदिर के पास नशा तस्करी की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक आरोपी के बैग से 676 ग्राम चरस बरामद की।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंडी जिले के 37 वर्षीय कुमार चंद और कांगड़ा निवासी 52 वर्षीय राकेश सिंह उर्फ लक्की के तौर पर हुई है। इस कार्रवाई के बाद जवाली पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत औपचारिक एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के आला अधिकारी अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रहे हैं कि यह खेप कहां से लाई गई थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क में शामिल अन्य सप्लायरों और खरीदारों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशा कारोबारियों के पूरे सिंडिकेट को बेनकाब करने के लिए लगातार पूछताछ जारी है।