Lucknow News: भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ कानूनी मुश्किल में फंस गए हैं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना थाने में उनके खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। पूर्व एयरलाइंस कर्मी महिला ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और मुकरने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि साल 2020 में दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोस्ती काफी गहरी हो गई। अगस्त 2023 में कैफ ने महिला को शादी का प्रस्ताव दिया, जिस पर दोनों परिवार आगे बढ़ने लगे।
कोलकाता के होटल में शारीरिक संबंध और नौकरी छुड़वाने के आरोप
महिला के अनुसार, उसने पहले ही अपने तलाकशुदा होने और एक बेटा होने की जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद कैफ ने शादी करने का भरोसा दिया। आरोप है कि 9 सितंबर 2023 को कैफ ने उसे कोलकाता के होटल में बुलाया। वहां शादी का झांसा देकर संबंध बनाए और दबाव डालकर नौकरी भी छुड़वा दी।
शिकायत में कहा गया है कि कैफ आईपीएल ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कहकर मामले को टालते रहे। ऑक्शन खत्म होते ही उन्होंने महिला से बातचीत बंद कर दी। जब पीड़िता बात करने 19 मई को अमरोहा पहुंची, तो शमी के बड़े भाई मोहम्मद हसीब ने कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।
सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
पीड़िता ने अगस्त के आखिर में आशियाना थाने और डीसीपी से न्याय की गुहार लगाई थी। शुरुआती स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन सोशल मीडिया पर मामला वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने केस दर्ज होने की पुष्टि की और कहा कि साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है।