हाथरस के सिकंदराराऊ में बिजली चोरी का बड़ा खुलासा, सात किलोवाट के कनेक्शन पर 41 किलोवाट का लोड चला रहा था मैरिज होम

Share

- Advertisement -

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ में विजिलेंस टीम ने एक मैरिज होम पर छापेमारी कर बड़े पैमाने पर बिजली चोरी पकड़ी है। थाने के सामने स्थित ‘मुरली कृष्ण मंगलधाम मैरिज होम’ में सात किलोवाट के स्वीकृत कनेक्शन की आड़ में 41 किलोवाट की बिजली चोरी की जा रही थी। एसपी विजिलेंस डीवीवीएनएल अल्का धर्मराज के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद मैरिज होम संचालक के विरुद्ध एंटी थेफ्ट थाना हाथरस में मुकदमा दर्ज कराया गया है।

दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) द्वारा अधिक लाइन लॉस वाले फीडरों पर बिजली चोरी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पांच किलोवाट से अधिक की बिजली चोरी के मामलों में एसपी विजिलेंस की टीम द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।

एलटी लाइन पर सीधे केबल डालकर हो रही थी चोरी

विजिलेंस विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि सिकंदराराऊ थाने के सामने स्थित मुरली कृष्ण मंगलधाम मैरिज होम में बड़े स्तर पर बिजली की चोरी हो रही है। जांच में पाया गया कि मैरिज होम का विद्युत कनेक्शन नौरंगाबाद, सिकंदराराऊ निवासी चिराग वार्ष्णेय के नाम पर सात किलोवाट का स्वीकृत है।

सूचना के आधार पर प्रभारी उपनिरीक्षक प्रवर्तन दल डॉ. दुष्यंत शर्मा ने अपनी टीम के साथ मौके पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि मैरिज होम में मीटर से बिजली लेने के बजाय एलटी (LT) लाइन पर अलग से केबल डालकर सीधे बिजली चोरी की जा रही थी।

वीडियोग्राफी के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

विजिलेंस टीम को मौके पर देखते ही मैरिज होम के कर्मचारियों और संचालक में खलबली मच गई। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा अवैध केबल हटाने का प्रयास भी किया गया, लेकिन सतर्क टीम ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य सुरक्षित कर लिए। लोड की जांच करने पर मौके पर 41 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई।

इस मामले में मैरिज होम संचालक के खिलाफ विद्युत चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। छापेमारी करने वाली इस टीम में अवर अभियंता संदीप कुमार, आरक्षी लोकेश कुमार, सुशील कुमार और राहुल सिंधू शामिल रहे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News