हरिद्वार: 25 हजार लिमिट वाले क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 4.89 लाख, लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी

Share

- Advertisement -

Haridwar News: हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति के 25 हजार रुपये की लिमिट वाले क्रेडिट कार्ड से ठगों ने 4.89 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के मोबाइल पर लिमिट बढ़ाने संबंधी मैसेज आया था, जिसके बाद बिना ओटीपी साझा किए खाते से कई बार में भारी रकम उड़ा ली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तराखंड के हरिद्वार अंतर्गत कनखल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के क्रेडिट कार्ड से साइबर ठगों द्वारा करीब 4.89 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित के कार्ड की कुल लिमिट मात्र 25 हजार रुपये थी, लेकिन इसके बावजूद जालसाजों ने लाखों रुपये के ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर डाले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।

कभी इस्तेमाल नहीं किया था क्रेडिट कार्ड

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हजारीबाग (कनखल) निवासी विनोद कुमार के पास आरबीएल (RBL) बैंक का एक क्रेडिट कार्ड था। इस कार्ड की निर्धारित लिमिट केवल 25 हजार रुपये थी। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने आज तक कभी भी इस क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल नहीं किया था और कार्ड हमेशा उनके घर पर ही सुरक्षित रखा रहता था।

लिमिट बढ़ाने के नाम पर आया था व्हाट्सएप संदेश

पीड़ित का आरोप है कि 31 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देते हुए एक व्हाट्सएप संदेश भेजा गया था। इसके कुछ ही समय बाद, बिना किसी के साथ ओटीपी (OTP) साझा किए, उनके क्रेडिट कार्ड से धड़ाधड़ कई ऑनलाइन लेन-देन होने लगे।

पीड़ित के अनुसार, ठगों ने अमेजन पे, मोबिक्विक, रिलायंस रिटेल, स्विगी इंस्टामार्ट और फेसबुक विज्ञापन के नाम पर भुगतान दिखाते हुए कुल 4.89 लाख रुपये की रकम पार कर दी।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच

अचानक खाते से लाखों रुपये कटने का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए, जिसके बाद उन्होंने तत्काल मामले की शिकायत पुलिस से की। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की साइबर सेल टीम ट्रांजेक्शन विवरण और डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर जालसाजों की तलाश में जुटी है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News