Haldwani News: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित मुखानी कोतवाली क्षेत्र में बच्चों के बीच मोबाइल फोन के अनियंत्रित उपयोग के दुष्परिणाम से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक 10 वर्षीय बालक पर पड़ोस की छह वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे पड़ोसी हैं। आरोप है कि 10 वर्षीय बालक ने पहली कक्षा में पढ़ने वाली छह साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। घटना के दौरान परिजनों ने दोनों को देख लिया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
मोबाइल पर अश्लील वीडियो देखने की आशंका
घटना की जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष ने मुखानी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बालक ने मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो देखने के बाद इस तरह की हरकत की होगी।
मुखानी कोतवाल सुशील जोशी ने बताया कि यह घटना सात दिन पुरानी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस मोबाइल पर अश्लील सामग्री देखने की आशंका सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।