Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के कादरी गेट थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने हरियाणा के एक युवक की उसकी पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद जिले के चांदावली स्थित दयालपुर निवासी 30 वर्षीय अरुण सिंह अपनी पत्नी राखी और दो साल के बेटे जयंत के साथ 24 जुलाई को कार से घूमने निकले थे. वाराणसी के दर्शन करने के बाद वे रविवार को फर्रुखाबाद के रास्ते आगरा जा रहे थे.
पेट्रोल पंप के पास खरीद रहे थे सामान, तभी हुई फायरिंग
रविवार रात करीब नौ बजे उनकी कार कादरी गेट थाना क्षेत्र में गंगा पांचाल घाट पुलिस चौकी के पास एक पेट्रोल पंप पर रुकी. अरुण सिंह दुकान से कोल्ड ड्रिंक और बच्चे के लिए चॉकलेट खरीद रहे थे. तभी पीछे से आई एक कार से उतरे सशस्त्र बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं.
फायरिंग में अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े, जिसके बाद हमलावर मसेनी चौराहे की ओर कार से भाग निकले. सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. घायल को रात करीब 9:30 बजे डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, फुटेज खंगाल रही पुलिस
अस्पताल में चिकित्सकों ने अरुण सिंह को मृत घोषित कर दिया. पुलिस उपाधीक्षक अभय वर्मा ने मृतक की पत्नी राखी से घटना की जानकारी ली. पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और मामले का सुराग मिल सके.
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि हत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच जारी है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से पड़ताल कर जल्द खुलासा किया जाएगा.